![]() |
|||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||
|
सहारनपुर में साहित्यिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक संस्थायें
मानसी सांस्कृतिक चेतना मंच (स्थापना : वर्ष 1990)
मानसी सांस्कृतिक चेतना मंच जीवन में लयात्मकता को समर्पित एक सृजनात्मक आंदोलन है जिसकी नींव सुगम संगीत को जुनून की हद तक चाहने वाले स्व. श्री रवीन्द्र जैन व उनके कुछ मित्रों ने वर्ष 1990 में रखी थी। संस्थापक श्री रवीन्द्र जैन के स्वर्गवास के पश्चात् इस संस्था को सुचारु रूप से चलाने का उत्तरदायित्व श्री के. के. गर्ग ने संभाला और पिछले एक दशक से भी अधिक से श्री के. के. गर्ग व उनकी अध्यक्षता में चल रही मानसी संस्था एकाकार हो गये हैं। मानसी संस्था का मुख्य उद्देश्य है - संगीत को, नये- नये उदीयमान गायक - गायिकाओं की प्रतिभा को संवारना, मांजना और संगीत प्रेमियों के सम्मुख विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से उनको मंच प्रदान करना। पिछले कुछ वर्षों से गर्मी की छुट्टियों में एक मास के लिये डांस वर्कशॉप (dance workshops) भी मानसी आयोजित करती चली आ रही है जिसमें ’न लाभ - न हानि’ (No profit - no loss) आधार पर एकाधिक कुशल नृत्य-प्रशिक्षिका की सेवायें लेकर नन्हें - नन्हें नृत्य प्रशिक्षुओं को एक मास तक नृत्य सिखाया जाता है। वर्ष 1990 से लेकर आज तक मानसी ने अनेकानेक भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया है जिनमें मुंबई फिल्मोद्योग के प्रसिद्ध संगीतकार, गायक, गीतकार, अभिनेता आदि को आमंत्रित करते हुए उनकी प्रेरणादायी उपस्थिति में स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का सुअवसर मिलता है। प्रसिद्ध संगीतकार रवि, रविन्द्र जैन, फिल्म एवं टी. वी. के कुशल अभिनेता कंवलजीत, अजय झिंगरन, शमा सिकन्दर आदि ने मानसी कार्यक्रमों की शोभा बढ़ाई है। होली, दीवाली, नव-वर्ष, अभूतपूर्व पार्श्वगायक स्व. मौहम्मद रफी के जन्मदिन आदि अवसरों पर मानसी के संगीतमय कार्यक्रमों की जनता व्यग्रता पूर्वक प्रतीक्षा किया करती है। मानसी ने किसी भी प्रकार की भोंडी प्रस्तुति को अपना मंच प्रदान न करने का जो संकल्प 1990 में लिया था उस पर वह आज तक कायम है। पाश्चात्य धुनों पर आधारित संगीत के बजाय भारतीय शास्त्रीय संगीत पर आधारित सुगम संगीत को यहां प्राथमिकता दी जाती है और यही कारण है कि मानसी के सभी सदस्य स्व. मुकेश, स्व. मौहम्मद रफी, स्व. किशोर कुमार, मन्ना डे, लता मंगेशकर आदि महान गायकों के गाये गीतों के माध्यम से अपना दैनंदिन अभ्यास किया करते हैं। मानसी की विशेषता यह है कि इसके सभी सदस्य गायक भी हैं और श्रोता भी हैं। श्री के. के. गर्ग ने अपने आवासीय भवन पारिजात, तिलक नगर, सहारनपुर की एक मंजिल सांस्कृतिक गतिविधियों को समर्पित कर दी है व इसके लिये एक विशाल कक्ष का निर्माण कराया है जहां पर उदीयमान एवं स्थापित कलाकार एवं संभ्रान्त परिवारों के बच्चे मानसी के साप्ताहिक रियाज़ कार्यक्रमों में आया करते हैं व कुछ सीखने व अपनी प्रस्तुति देने के लिये लालायित रहते हैं। यही नहीं, यह कक्ष अन्य संस्थाओं की प्रार्थना पर उनको भी उपलब्ध करा दिया जाता है। मानसी सांस्कृतिक चेतना मंच का पता - द्वारा श्री के. के. गर्ग, पारिजात, तिलक नगर, सहारनपुर 247001 फोन - 0132-2661507
|
| |||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||||