| Stop wasting water ! thesaharanpur.com asks Railways |
|
२० फरवरी, २०१०
स्टेशन अधीक्षक रेलवे की लापरवाही से होने वाले पानी की भयंकर बरबादी रोकने हेतु मांग पत्र जैसा कि आप जानते ही हैं, सहारनपुर रेलवे स्टेशन के निकट रेल पुल के बगल में बनी हुई रेलवे कॉलोनी में एक ओवरहैड टैंक कई वर्षों से स्थित है। पिछले काफी समय से इस टैंक से इतना अधिक पानी प्रतिदिन ओवरफ्लो होकर बह रहा है जितना पानी एक कॉलोनी की एक मास की पानी की आवश्यकता पूरी करने के लिये पर्याप्त हो सकता है। गर्मियों में जब शहर एक-एक बूंद पानी को तरसता रहता है, इस टैंक के नीचे दस-बीस भैंसें खड़ी होकर नहाती रहती हैं। ऐसा प्रतीत होता है कि या तो इस टैंक में ओवरफ्लो रोकने की कोई व्यवस्था की ही नहीं गई है, और यदि कभी की गई थी तो बहुत लंबे समय से वह व्यवस्था खराब पड़ी है। आज विज्ञान इतनी प्रगति तो कर ही चुका है कि हम ओवरहैड टैंक के पूरे भर जाने पर पानी की सप्लाई रोकने की स्वचालित व्यवस्था कर सकें। परन्तु रेलवे ने अपने टैंक में यह व्यवस्था क्यों नहीं की है इसका उत्तर तो रेलवे स्टेशन सहारनपुर के वरिष्ठतम अधिकारी होने के नाते आप ही दे सकते हैं। महोदय, संभवतः आप भी स्वीकार करेंगे कि पीने योग्य पानी की इतनी अधिक बरबादी आपराधिक कृत्य से कम नहीं है। सहारनपुर में भूजल का स्तर एक वर्ष में ही १ मीटर से अधिक नीचे चला गया है। जिन सहारनपुर वासियों को बीस फुट गहराई पर साफ पानी मिल जाया करता था, अब पचास फिट गहराई तक भी पानी के दर्शन नहीं हो रहे हैं। पानी को लेकर शहर की अनेक कॉलोनियों में हाहाकार मचा रहता है, आपस में झगड़े और खूनी संघर्ष की खबरें समाचार पत्रों में छपती रहती हैं, ऐसे में रेलवे के टैंक से पानी का इतनी अधिक मात्रा में व्यर्थ बहते रहना रेलवे अधिकारियों की समाज के प्रति अपने दायित्व के प्रति घोर उदासीनता का परिचायक है और अत्यन्त शोचनीय है। हम द सहारनपुर डॉट कॉम के समस्त सदस्य एवं उसकी समस्त सहयोगी संस्थायें आपसे मांग करते हैं कि आप उक्त विषय की गंभीरता को समझते हुए व इस मांगपत्र का संज्ञान लेते हुए इस टैंक को प्राथमिकता के आधार पर व अविलम्ब ठीक करायें। हम आपसे यह अनुरोध भी करते हैं कि आप इस टैंक की मरम्मत के कार्य के सफलतापूर्वक सम्पन्न हो जाने पर हमें भी निम्न पते पर सूचित करने की कृपा करें। हमें आशा है कि आपके स्तर पर इस बारे में अविलंब कार्यवाही की जायेगी। हम हैं, सुशान्त सिंहल एवं
द
सहारनपुर डॉट कॉम
के समस्त सदस्यगण |